Home इटावा कामेत कचरा प्लांट का दूसरे दिन भी विरोध जारी, भारी संख्या में...

कामेत कचरा प्लांट का दूसरे दिन भी विरोध जारी, भारी संख्या में पहुंचे ग्रामीण; प्लांट हटाने की मांग पर अड़े

ETAWA NEWS: विकास खंड बढ़पुरा के ग्राम कामेत स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट (कचरा) प्लांट के विरोध में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन भी ग्रामीणों का प्रदर्शन जारी रहा। बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष प्लांट परिसर पहुंच गए और प्लांट को तत्काल हटाने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि प्लांट के संचालन से आसपास के गांवों में दुर्गंध फैल रही है, जिससे लोगों का रहना मुश्किल हो गया है और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों की आशंका बनी हुई है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि जब तक प्लांट को यहां से हटाया नहीं जाएगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी उन्होंने अपनी आपत्तियां अधिकारियों के सामने रखी थीं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। मौके पर पहुंचे नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (ईओ) संतोष कुमार मिश्रा ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि प्लांट परिसर में नियमित साफ-सफाई कराई जाएगी तथा दवाइयों का छिड़काव भी कराया जाएगा, ताकि दुर्गंध और अन्य समस्याओं पर नियंत्रण पाया जा सके। उन्होंने ग्रामीणों से शांतिपूर्ण तरीके से समस्या के समाधान में सहयोग करने की अपील भी की। हालांकि, ईओ के आश्वासन से ग्रामीण संतुष्ट नहीं हुए। उनका कहना था कि केवल साफ-सफाई और दवा का छिड़काव समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि यदि प्लांट को हटाना संभव नहीं है तो आसपास के प्रभावित गांवों के लोगों को दूसरी सुरक्षित जगह बसाया जाए। उनका कहना है कि मौजूदा स्थिति में प्लांट के पास रहना उनके और उनके परिवारों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बनता जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान शांतिपूर्ण माहौल बना रहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता कर समाधान निकालने का भरोसा दिलाया। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।