Home उत्तर प्रदेश कत्था फैक्ट्री का केमिकल युक्त पानी खेतों में घुसा, कई बीघा फसल...

कत्था फैक्ट्री का केमिकल युक्त पानी खेतों में घुसा, कई बीघा फसल खराब

FATEHPUR NEWS:  मलवा विकासखंड के औद्योगिक कस्बा चौडगरा में प्रदूषण का मामला सामने आया है। कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे औंग थाना क्षेत्र के गोधरौली गांव के पास स्थित एक कत्था फैक्ट्री परिसर में बना तालाब बारिश के पानी से भर गया। तालाब में भरा केमिकल युक्त पानी ओवरफ्लो होने के बाद फैक्ट्री की चहारदीवारी गिर गई और पानी आसपास के किसानों के खेतों में पहुंच गया। किसानों के मुताबिक केमिकल युक्त पानी खेतों में भरने से कई बीघा में खड़ी फसल खराब हो गई है। खेतों में काले रंग का बदबूदार पानी भरा हुआ है। किसानों को आशंका है कि केमिकल युक्त पानी जमीन में जाने से मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित हो सकती है और आने वाले समय में खेती पर भी इसका असर पड़ सकता है। ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री से निकलने वाले केमिकल वेस्ट को लंबे समय से परिसर में बने तालाब में जमा किया जा रहा था। उनका कहना है कि कचरे का उचित ट्रीटमेंट नहीं किया गया। बारिश के कारण तालाब भरने के बाद पानी चहारदीवारी को तोड़कर खेतों में पहुंच गया। किसानों ने बताया कि केमिकल युक्त पानी फसलों के साथ-साथ पशुओं और आसपास के वातावरण के लिए भी नुकसानदायक हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से खेतों में भरे पानी की जांच कराने और प्रभावित फसलों का सर्वे कराने की मांग की है। किसानों ने जिला प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से फैक्ट्री के खिलाफ कार्रवाई करने तथा फसल के नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। प्रदूषण विभाग के अधिकारियों ने मामले की जांच कराने की बात कही है। अधिकारियों के अनुसार मौके का निरीक्षण कर स्थिति की जानकारी ली जाएगी और जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर फैक्ट्री के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।