Home उत्तर प्रदेश ओपन-एयर सिनेमा क्लब का शानदार आगाज, ‘टॉक्सिक’ की हुई एक्सक्लूसिव स्क्रीनिंग

ओपन-एयर सिनेमा क्लब का शानदार आगाज, ‘टॉक्सिक’ की हुई एक्सक्लूसिव स्क्रीनिंग

कमिश्नर विमल दुबे और नगर विधायक रवि शर्मा रहे मुख्य अतिथि, खुले आसमान के नीचे फिल्म देखने का दर्शकों ने उठाया लुत्फ
JHANSI NEWS: नगर में मनोरंजन और पर्यटन को एक नया आयाम देने की दिशा में होटल 100 के3 रिसोर्ट की ओर से अनूठी पहल की गई। झांसी के पहले ओपन-एयर सिनेमा क्लब में रॉकिंग स्टार यश अभिनीत फिल्म ‘टॉक्सिक’ की एक्सक्लूसिव स्क्रीनिंग आयोजित की गई। खुले आसमान के नीचे बड़े पर्दे पर फिल्म देखने का यह नया अनुभव दर्शकों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कमिश्नर विमल दुबे एवं नगर विधायक रवि शर्मा मौजूद रहे। इसके अलावा पर्यटन अधिकारी डी.के. शर्मा, आबकारी इंस्पेक्टर मनोज श्रीवास्तव तथा फिल्म निर्माता प्रमोद बोकाडिया अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन एवं अन्य औपचारिकताओं के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा ओपन-एयर सिनेमा क्लब की इस पहल की सराहना की। होटल 100 के3 रिसोर्ट के मालिक संजय गुप्ता एवं अजय गुप्ता ने बताया कि झांसी में मनोरंजन के क्षेत्र में कुछ नया करने के उद्देश्य से ओपन-एयर सिनेमा क्लब की शुरुआत की गई है। उनका प्रयास है कि शहरवासियों को पारंपरिक सिनेमा हॉल से अलग ऐसा अनुभव उपलब्ध कराया जाए, जहां परिवार और मित्रों के साथ खुले वातावरण में फिल्म का आनंद लिया जा सके। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के विशेष आयोजनों को आयोजित करने की योजना है। रिसोर्ट के सीईओ अभिषेक शर्मा एवं सह-संस्थापक अग्निवेश त्रिपाठी ने बताया कि ओपन-एयर सिनेमा क्लब को झांसी की मनोरंजन संस्कृति का नया हिस्सा बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका उद्देश्य केवल फिल्म प्रदर्शन तक सीमित न रहकर दर्शकों को बेहतर वातावरण, मनोरंजन और हॉस्पिटैलिटी का एक साथ अनुभव कराना है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में दर्शकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए अन्य फिल्मों और विशेष कार्यक्रमों की स्क्रीनिंग भी प्रस्तावित है। आयोजन के दौरान दर्शकों के लिए गौर्मे फूड एवं बेवरेज स्टॉल की भी व्यवस्था की गई थी। वहीं, दर्शकों के बैठने के लिए वीआईपी बीन बैग और कैबिन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। आयोजन स्थल पर पहुंचने वाले लोगों में फिल्म को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। फिल्म ‘टॉक्सिक’ की स्क्रीनिंग को लेकर खास बात यह रही कि दर्शकों को बंद हॉल के बजाय खुले आसमान के नीचे फिल्म देखने का अवसर मिला। रोशनी, बड़े पर्दे और खुले वातावरण के बीच फिल्म का प्रदर्शन दर्शकों के लिए यादगार अनुभव बना। आयोजन में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से लोग पहुंचे और उन्होंने इस नई अवधारणा की सराहना की। कार्यक्रम में सत्यम कुमार साह, सह-संस्थापक, सहित अन्य गणमान्य नागरिक, अतिथिगण एवं दर्शक मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि झांसी में इस तरह के आयोजनों को बढ़ावा देकर शहर में मनोरंजन के साथ-साथ पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।