किसानों को वितरित किए बीज किट
FATEHPUR NEWS: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ऐरायां विकास खंड कार्यालय परिसर में आयोजित चार दिवसीय जन कल्याण शिविर एवं विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के दूसरे दिन खागा विधायक एवं प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा पासवान ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया तथा किसानों को बीज किट वितरित किए। सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब, दिव्यांग, विधवा और वृद्धजनों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन योजनाएं, उज्ज्वला योजना तथा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। राज्यमंत्री ने बताया कि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में सरकार के प्रयासों का भी उल्लेख किया। इस अवसर पर उन्होंने ऐरायां क्षेत्र के किसानों को अरहर, तिल और उड़द के बीजों की किट वितरित की। बीज किट प्राप्त करने वालों में उमाशंकर तिवारी, विनोद सिंह, रामखेलावन मौर्य, जयप्रकाश सिंह, राजकुमार सिंह और धन्ना सिंह शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान खंड विकास अधिकारी अशोक कुमार सिंह ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। शिविर में शिक्षा, कृषि, सहकारिता, आयुष, बाल विकास, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, पीएम सूर्य घर योजना, बैंकिंग एवं वित्तीय साक्षरता सहित विभिन्न विभागों के स्टाल लगाए गए थे, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी एवं लाभ प्रदान किए गए। इस मौके पर उप पशु चिकित्साधिकारी अविनाश कमल, पशु चिकित्साधिकारी आदर्श तिवारी, विमलेश पांडेय, बृजेश सिंह, राहुल गुप्ता, ज्ञानेंद्र गुप्ता, ज्ञानेंद्र सिंह, मुकेश सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।
इसी कड़ी में हथगाम विकास खंड परिसर में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि एवं जिला सहकारी बैंक के डायरेक्टर मनभावन शास्त्री ने स्टालों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे हैं।







