Home उत्तर प्रदेश एसडीएम ने साधन सहकारी समिति बिरहा का निरीक्षण कर परखी हकीकत

एसडीएम ने साधन सहकारी समिति बिरहा का निरीक्षण कर परखी हकीकत

नियमानुसार खाद वितरण के दिए निर्देश, किसानों से भी की वार्ता
PRAYAGRAJ NEWS: उप जिलाधिकारी कोरांव संदीप तिवारी ने मंगलवार को शाम 4 बजे के करीब साधन सहकारी समिति बिरहा पर पहुंचकर खाद वितरण की हकीकत परखी। इस दौरान समिति पर मौजूद किसानों से एसडीएम ने जहां वार्ता की वहीं बिक्री रजिस्टर में दर्ज किसानों के नाम व उनके मोबाइल नंबरों पर बात कर क्या वास्तविक किसान खाद ले गए हैं या नहीं इसकी भी पुष्टि की। एसडीएम संदीप तिवारी ने टीकर, बिरहा, चांदी, बरनपुर समेत कई गांवो के किसानों से वार्ता कर जब खाद ले जाने की बात पूछी तो किसानों ने खाद ले आने की बात बताई। समिति पर सरकारी निर्धारित मूल्य पर ही खाद बेचने की भी पुष्टि किसानों के द्वारा की गई। उप जिलाधिकारी कोराव संदीप तिवारी ने बिक्री रजिस्टर के अलावा स्टॉक रजिस्टर एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का भी निरीक्षण किया। जहां समिति के सचिव द्वारा नियमानुसार खाद बिक्री करते पाया गया। एसडीएम संदीप तिवारी ने सचिव को सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य पर ही खाद बेचने तथा सभी किसानों को नियमानुसार खाद वितरित करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने कहा है कि खाद की कालाबाजारी और महंगे दामों में खाद बेचने की शिकायत पर संबंधित खाद विक्रेताओं के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।