FATEHPUR NEWS: सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के दवतपुर मजरे मोहम्मदपुर गौंती गांव में एक महिला ने दबंगों पर एसडीएम के आदेश की अवहेलना करते हुए उसकी भूमि पर दोबारा कब्जा करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। थाना स्तर पर कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। दवतपुर गांव निवासी प्रियंका देवी पत्नी अजय पाल मौर्य ने बताया कि उनके पति विदेश में मजदूरी करते हैं, जबकि वह अपने बच्चों के साथ गांव में रहती हैं। उनकी कृषि भूमि दवतपुर मोड़ के पास स्थित है। आरोप है कि दूसरे गांव के रहने वाले मोहम्मद समील, मोहम्मद इम्तियाज और मोहम्मद मुस्ताक ने उनकी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया था। पीड़िता के अनुसार, मामले की शिकायत उपजिलाधिकारी खागा से की गई थी। शिकायत पर एसडीएम के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची, भूमि की पैमाइश कराई गई और उन्हें पुनः कब्जा दिलाया गया। लेकिन आरोप है कि उसी रात दबंगों ने खेत में धान की रोपाई कर दोबारा भूमि पर कब्जा कर लिया। प्रियंका देवी का कहना है कि जब उन्होंने अगले दिन इसका विरोध किया तो आरोपियों ने अकेला पाकर उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर मौके से भगा दिया। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी लेखपाल विजय सिंह को देने के साथ ही सुल्तानपुर घोष थाने में भी शिकायत की, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। कार्रवाई न होने से आहत पीड़िता जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और शिकायती पत्र देकर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए अपनी भूमि पर पुनः कब्जा दिलाने की मांग की। इस संबंध में उपजिलाधिकारी खागा डॉ अभिनीत कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने पर भूमि खाली कराकर पीड़िता को कब्जा दिलाया गया था। यदि दोबारा अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत मिली है तो मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।







