KAUSHAMBI NEWS: पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और मातृशक्ति के सम्मान को समर्पित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में पौधारोपण कार्यक्रम उत्साह और जनसहभागिता के साथ आयोजित किया गया। प्रधानाध्यापक रामकृष्ण के नेतृत्व में विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पांच छायादार एवं फलदार पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में शिक्षकों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। शैक्षिक सपोर्टिव सुपरविजन के लिए विद्यालय पहुंचीं एआरपी सवीना बानो एवं एलएलएफ ब्लॉक कोऑर्डिनेटर रेशमा बानो ने भी पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर भविष्य मिल सकेगा। उन्होंने बच्चों को पौधों के महत्व, जल संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाध्यापक रामकृष्ण ने कहा कि विद्यालयों में पौधारोपण जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकार की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उससे कहीं अधिक आवश्यक उसका संरक्षण और नियमित देखभाल करना है। विद्यालय परिवार पौधों की सुरक्षा और सिंचाई की जिम्मेदारी भी निभाएगा। विद्यालय के शिक्षक बीरेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन का आधार हैं। यह हमें प्राणवायु, छाया, फल और शुद्ध वातावरण प्रदान करते हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बच्चों से अपने घर और आसपास भी पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। इस अवसर पर सहायक शिक्षिका माया सिंह, रिया सेठी, शिक्षामित्र संध्या देवी पटेल सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने पौधारोपण में सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने पौधों की सुरक्षा, नियमित सिंचाई तथा पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में लगाए गए पौधे हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश देते नजर आए।







