Home उत्तर प्रदेश एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत 50 पौधों का रोपण,...

एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत 50 पौधों का रोपण, विद्यार्थियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

FATEHPUR NEWS: चतुर्भुज बाबा मान सिंह शिक्षा मंदिर, बरनपुर, फतेहपुर एवं उत्तर प्रदेश वॉलंटरी हेल्थ एसोसिएशन (यूपीवीएचए), लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित भविष्य और विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य रोहित सिंह ने की। मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश वॉलंटरी हेल्थ एसोसिएशन (यूपीवीएचए), लखनऊ के रीजनल कोऑर्डिनेटर पुनीत कुमार श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विनती श्रीवास्तव सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर में 50 पौधों का रोपण किया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए चित्रकला एवं स्लोगन (नारा लेखन) प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और हरित भविष्य विषयों पर आकर्षक चित्र एवं प्रेरणादायी स्लोगन प्रस्तुत कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। प्रधानाचार्य रोहित सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि एक पौधा लगाना केवल पर्यावरण संरक्षण का कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य में निवेश है। उन्होंने विद्यार्थियों से कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि पुनीत कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि वृक्ष जीवनदायी ऑक्सीजन, स्वच्छ वायु और संतुलित जलवायु के सबसे बड़े स्रोत हैं। आज लगाया गया प्रत्येक पौधा भविष्य की पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर है। यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे तो हरित एवं स्वस्थ भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान प्रकृति और मातृ सम्मान के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। कार्यक्रम में राजीव मिश्रा, प्रभात वर्मा, विमल कुमार एवं प्रिया भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अतिथियों ने “हर विद्यार्थी–एक पौधा” का संकल्प लेते हुए लगाए गए पौधों के संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक पंकज सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के अभियान विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।