35 करोड़ पौधरोपण अभियान में सहभागिता का आह्वान, स्वयं सहायता समूहों व लाभार्थियों को वितरित किए 2.48 करोड़ रुपये से अधिक के चेक
JHANSI NEWS: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को रानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज परिसर से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ बृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया। पूजा-अर्चना के साथ अभियान की शुरुआत करते हुए उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के साथ पौधरोपण किया तथा सभी से लगाए गए पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम लगाकर बुंदेलखंड को हरा-भरा बनाना हम सभी का दायित्व है।” उपमुख्यमंत्री ने झांसी में 1 करोड़ 3 लाख पौधों के रोपण लक्ष्य पर जनपदवासियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेशभर में 35 करोड़ पौधरोपण का अभियान एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान दोपहर 12 बजे तक प्रदेश में 17 करोड़ पौधे लगाए जा चुके थे।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती है, जिससे निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी संतान की तरह देखभाल और संरक्षण करना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अतीत में अंधाधुंध वृक्ष कटान के कारण पर्यावरणीय संकट बढ़ा है। अब समय आ गया है कि प्रत्येक नागरिक पर्यावरण संरक्षण का संकल्प ले। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि तथा अन्य सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से अपील की कि वे अपने घरों पर सहजन का एक पौधा माँ के नाम अवश्य लगाएं और उसका संरक्षण करें। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों साथ-साथ चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में नए एक्सप्रेस-वे सहित अनेक विकास परियोजनाएं क्षेत्र की तस्वीर बदल रही हैं और डबल इंजन सरकार बुंदेलखंड के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने किसानों से पीएम सूर्य घर योजना का लाभ लेकर सौर ऊर्जा आधारित नलकूप अपनाने की भी अपील की। कार्यक्रम के दौरान 110 स्वयं सहायता समूहों को कुल 1 करोड़ 65 लाख रुपये, जबकि 277 स्वयं सहायता समूहों को 83.10 लाख रुपये का रिवॉल्विंग फंड वितरित किया गया। इसके अलावा पांच लाभार्थियों को प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास की चाबियां सौंपी गईं। नौ उत्कृष्ट कार्य करने वाली सखियों तथा तीन ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया। वृक्षारोपण अभियान में उल्लेखनीय योगदान के लिए हेल्पिंग हैंड सेवा संस्थान के अध्यक्ष सत्येंद्र श्रीवास्तव, मानवता की ओर एक कदम एवं गौरैया बचाव अभियान के अध्यक्ष जन जगमोहन बड़ौनिया, लॉर्ड महाकालेश्वर इंटर कॉलेज के प्रबंधक विशाल गुप्ता, पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं तथा वन विभाग के अधिकारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए जनजागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम में महापौर बिहारी लाल आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, विधायक रवि शर्मा, राजीव सिंह पारीछा, जवाहर लाल राजपूत, डॉ. रश्मि आर्य, विधान परिषद सदस्य डॉ. बाबूलाल तिवारी, रामतीर्थ सिंघल, भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह, जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल, जिलाधिकारी गौरांग राठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति, मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, मुख्य वन संरक्षक एच.वी. गिरीश, प्रभागीय वनाधिकारी विकास यादव, सीएमओ डॉ. शिशिर पुरी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, वन विभाग के कर्मचारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, पर्यावरण प्रेमी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।







