मेरिट में स्थान होने का दावा, डीएम को शिकायती पत्र देकर निष्पक्ष जांच और चयन निरस्त करने की मांग
JHANSI NEWS: जनपद में पंचायत सहायक भर्ती प्रक्रिया एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। अधिक अंक प्राप्त करने वाले एक अभ्यर्थी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता, पक्षपात और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। अभ्यर्थी का कहना है कि मेरिट में बेहतर स्थान होने के बावजूद उसे चयन से वंचित कर दिया गया, जबकि उससे कम अंक प्राप्त अभ्यर्थियों का चयन कर लिया गया। शिकायतकर्ता जयहरी पुत्र मातादीन , निवासी ग्राम चौकी, ब्लॉक बबीना ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि पंचायत सहायक की भर्ती पूरी तरह मेरिट के आधार पर होनी थी। उनका दावा है कि उन्होंने हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, बीएससी प्रथम श्रेणी और आईटीआई जैसी शैक्षणिक योग्यताएं प्राप्त की हैं तथा उनके कुल अंक चयनित अभ्यर्थियों से अधिक हैं। इसके बावजूद उनका नाम अंतिम चयन सूची में शामिल नहीं किया गया।
अभ्यर्थी का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का पालन नहीं किया गया। उन्होंने पूरे चयन की निष्पक्ष जांच कराए जाने, मेरिट सूची का सत्यापन कराने तथा यदि अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। जमशेद का कहना है कि यदि अधिक अंक और बेहतर योग्यता रखने वाले युवाओं को ही रोजगार से वंचित किया जाएगा और कम अंक प्राप्त अभ्यर्थियों का चयन होगा, तो मेहनत और प्रतिभा का कोई महत्व नहीं रह जाएगा। इससे सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं पर युवाओं का विश्वास कमजोर होगा तथा योग्य अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित होगा। इस मामले को लेकर जिले के अन्य अभ्यर्थियों में भी चर्चा का माहौल है। यदि शिकायत की निष्पक्ष जांच होती है और आरोप सही पाए जाते हैं, तो पंचायत सहायक भर्ती प्रक्रिया पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग सकते हैं।





