KAUSHAMBI NEWS: सिराथू तहसील क्षेत्र के अफजलपुर सातों गांव की भूमि को लेकर चल रहे विवाद में प्रशासन सक्रिय हो गया है। ग्राम सभा की भूमि पर अवैध कब्जे और भूमि बिक्री के आरोप सागर निषाद पर लगाए गए हैं। आरोपों के बीच सागर निषाद ने सामने आकर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्हें साजिश के तहत बदनाम किया जा रहा है। उनका कहना है कि जिस समय मामला सामने आया, वह निजी कार्य से दिल्ली में थे। जानकारी मिलने के बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मिलकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की।सागर निषाद का दावा है कि विवाद सरकारी भूमि का नहीं, बल्कि पारिवारिक जमीन के बंटवारे से जुड़ा है। उनके अनुसार आपसी समझौते के बाद जमीन का बंटवारा हो चुका था, लेकिन बाद में उसी को लेकर विवाद खड़ा कर दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उन्हें बदनाम करने के साथ धन उगाही और ब्लैकमेल करने का प्रयास किया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मामले में तहसीलदार सिराथू संजय कुमार दुबे ने बताया कि पूरे प्रकरण की राजस्व विभाग द्वारा जांच कराई जा रही है। यदि जांच में किसी भी व्यक्ति द्वारा ग्राम सभा की भूमि पर अवैध कब्जा या अतिक्रमण पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







