PRATAPGARH NEWS: अपहरण के बाद जहरीला पदार्थ खाने से किशोरी की मौत को लेकर पुलिस ने आरोपी पर शिकंजा कसा है। लालगंज पुलिस ने किशोरी को बहला फुसलाकर कार से अपहृत किये जाने के साथ संदिग्ध दशा में उसकी मौत को लेकर मृतका के भाई की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। कोतवाली के बरीबोझ राजा का पुरवा निवासी जगेसर पाल पुत्र शिवराम ने लालगंज पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि सोमवार को दिन में दो बजे उसकी बहन भैंस चराने गयी थी। एक कोल्ड स्टोर के पास कार सवार लालगंज कोतवाली के संगियापुर निवासी आरोपी गौरव यादव पुत्र राम आसरे यादव ने किशोरी को बहाने से बुलवाया। इसके बाद आरोपी कुछ लोगों के साथ किशोरी को कार में बैठा कर कहीं ले गया। इस बीच आरोपी ने परिजनों को फोन कर बताया कि मृतका ने जहर खा लिया है और वह ट्रामा सेंटर में भर्ती है। आननफानन में बदहवाश परिजन लालगंज ट्रामा सेंटर पहुंचे। यहां गंभीर दशा में चिकित्सकों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान सोमवार की देर शाम किशोरी की मौत हो गयी। मृतका का मेडिकल कालेज में पीएम कराया गया। इस बीच घटना को लेकर कोतवाली के दरोगा दीपक कुमार ने पुलिस टीम के साथ आरोपी गौरव यादव को रायपुर तियांई चौराहा के समीप पुलिया के निकट से मंगलवार को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।







