FATEHPUR NEWS: खागा कोतवाली क्षेत्र स्थित अकोढ़िया ओवरब्रिज पर गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में एक बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रयागराज की ओर से फतेहपुर आ रही यूपी-70 ईएफ-4369 नंबर की बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल अकोढ़िया ओवरब्रिज पर आगे चल रहे महिंद्रा ट्रैक्टर-रोटावेटर को ओवरटेक करने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान बाइक ट्रैक्टर से टकरा गई, जिससे बाइक चालक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर पीछे बैठी उसकी पत्नी भी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और अपनी एंबुलेंस से घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। मृतक की पहचान आधार कार्ड के आधार पर जय करन सिंह पुत्र रामऔतार निवासी कटघर, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।







