FATEHPUR NEWS: श्री सद्गुरु सेवा ट्रस्ट, जानकी कुंड (चित्रकूट) की ओर से विद्याधाम सभागार में अंधत्व निवारण एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले समाजसेवियों का विशाल महाकुंभ सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से हजारों समाजसेवियों, चिकित्सकों और ट्रस्ट से जुड़े कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ ट्रस्ट के डायरेक्टर निलेश जैन, उषा जैन तथा अन्य अतिथियों ने परम पूज्य सद्गुरु रणछोड़ दास महाराज के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद समाजसेवी एवं प्रख्यात नेत्र चिकित्सक स्वर्गीय डॉ. बी.के. जैन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि डॉ. बी.के. जैन ने अंधत्व निवारण, नेत्र चिकित्सा और समाज सेवा के क्षेत्र में जो अनुकरणीय कार्य शुरू किए, उन्हें आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना ट्रस्ट का प्रमुख उद्देश्य है और इसी मिशन को आगे बढ़ाने के लिए सभी समाजसेवियों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। सम्मेलन में उपस्थित समाजसेवियों ने संकल्प लिया कि मोतियाबिंद सहित अन्य नेत्र रोगों के उपचार, निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविरों के आयोजन तथा जरूरतमंद मरीजों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के वर्तमान लक्ष्य को दोगुना करने के लिए पूरी निष्ठा, समर्पण और सेवा भाव से कार्य करेंगे। ट्रस्ट के डायरेक्टर डॉ. अखिलेश जैन ने सम्मेलन में आए सभी समाजसेवियों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से ही अंधत्व निवारण का यह अभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है और भविष्य में इसे और अधिक व्यापक बनाया जाएगा। सम्मेलन के दौरान समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले फतेहपुर के कई समाजसेवियों को सम्मानित भी किया गया। इनमें डॉ. मुकेश खरे, दुर्गेश कुमार सिंह, छोटेलाल गुप्ता, रामगोपाल गुप्ता, राधानगर के सभासद राजेश कुमार, अभिषेक यादव, सत्येंद्र अवस्थी, पिंटू सिंह सहित अन्य समाजसेवियों को सम्मान प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की गई। कार्यक्रम का समापन समाज सेवा, मानव कल्याण और अंधत्व मुक्त समाज के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने ट्रस्ट द्वारा संचालित जनसेवा के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का विश्वास व्यक्त किया।







