MIRZAPUR NEWS: अवैध वन्यजीव तस्करी के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई में वन विभाग वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो WCCB गोरखपुर और STF ने बड़ी सफलता हासिल की है। मंगलवार को लालगंज रेंज की टीम ने थाना जिगना क्षेत्र में बाबा कलेश्वर मंदिर के पास से हाथी दांत की तस्करी कर रहे 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर दोपहर करीब 1 बजे की गई कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 2 हाथी दांत, कुल वजन 1.49 किलोग्राम और 800 ग्राम वजन का हाथी का जबड़ा बरामद किया गया। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल UP70BE2825, 3 मोबाइल फोन और पहचान के लिए रखा 10 रुपये का नोट भी जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रयागराज निवासी अविलेश कुमार शुक्ला, राममनी यादव और देवेश्वर के रूप में हुई है। इनके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 2(16), 9, 39, 40, 44, 49, 49बी, 49सी, 50 एवं 51(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर बरामद सामग्री को अभिरक्षा में ले लिया गया है। पूछताछ में आरोपियों के वन्यजीव अंगों की तस्करी से जुड़े होने के साक्ष्य मिले हैं। वन विभाग, WCCB और STF अब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटे हैं। कार्रवाई में क्षेत्रीय वन अधिकारी श्रवण कुमार यादव, आनंद शेखर, WCCB गोरखपुर और STF के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।डीएफओ राकेश कुमार ने कहा कि वन्यजीव अपराधों के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई गई है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वन्यजीव तस्करी या शिकार की कोई भी सूचना तुरंत वन विभाग को दें।







