Home उत्तर प्रदेश हाईवे सर्विस रोड निर्माण पर नियमों का पालन किया जाए:प्रवीण

हाईवे सर्विस रोड निर्माण पर नियमों का पालन किया जाए:प्रवीण

बुंदेलखंड राष्ट्र समिति ने उठाई आवाज

FATEHPUR NEWS: बिंदकी तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा सौरा में राष्ट्रीय राजमार्ग-2 के तहत बनाई जा रही सर्विस रोड को लेकर अनियमितताओं के गंभीर आरोप सामने आए हैं। बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पांडेय ‘बुंदेलखंडी’ ने जिलाधिकारी एवं एनएच-2 हाईवे अधिकारियों को पत्र भेजकर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि निर्माण एजेंसी ने नियमों के विपरीत सर्विस रोड को मोड़कर छोटा कर दिया है। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो गई है और भविष्य में दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। प्रवीण पांडेय ने कहा कि भारतीय सड़क कांग्रेस (IRC) के मानक नियम और मोटर व्हीकल एक्ट, 1988 की धारा 138 (2) स्पष्ट रूप से कहते हैं कि सर्विस रोड को बिना तकनीकी स्वीकृति संकुचित या घुमावदार नहीं बनाया जा सकता। ऐसे में यह निर्माण कार्य सीधे-सीधे जनसुरक्षा से खिलवाड़ और विभागीय लापरवाही का उदाहरण है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए पूंछा कि आखिर किस अधिकारी की स्वीकृति से सर्विस रोड को छोटा किया गया? और पूंछा कि क्या इस संबंध में कोई जनसुनवाई या ग्रामीणों से अनुमति ली गई? इस शिकायत में मांग की गई है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों और निर्माण एजेंसी पर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य पर रोक लगाई जाए और सर्विस रोड को नियमों के अनुसार चौड़ा व सीधा बनाया जाए। आगे उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो संभावित सड़क हादसों की जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों की होगी।