200 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद
PRAYAGRAJ NEWS: हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, इलाहाबाद का वार्षिक चुनाव पूर्वनिर्धारित कार्य क्रमानुसार बुधवार को नवनिर्मित अधिवक्ता चैम्बर पार्किंग भवन के भूतल पर प्रातः 9 बजे से शुरू होकर 5 बजे तक सकुशल सम्पन्न हुआ। इस चुनाव में अध्यक्ष एवं महासचिव पद सहित अन्य पदों पर कुल 200 प्रत्याशी चुनाव में प्रतिभाग कर रहे हैं। समस्त अधिवक्तागण मतदान स्थल पर सम्पूर्ण अधिवक्ता वेशभूषा में एवं हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, इलाहाबाद द्वारा निर्गत परिचय-पत्र के साथ अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग किये।
चुनाव में इस वर्ष मतदाताओं की कुल संख्या 9718 है जबकि विभिन्न पदों पर चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की संख्या 200 है। 9718 मतदाताओं के परिप्रेक्ष्य में कुल 10000 मतपत्रों का प्रकाशन किया गया था, जिसमें कुल 18 काउण्टरों पर कुल 9000 मतपत्र निर्गत किए गये और उक्त काउण्टरों में से कुल 663 मतपत्र वापस हुए और 8337 मतदाताओं ने अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग किए।
मतदान केन्द्र पर चुनाव समिति द्वारा गठित सुपरवाइजरी कमेटी एवं सहायक चुनाव अधिकारियों सहित सम्मानित प्रत्याशियों, अधिवक्ताओं तथा केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, जिलाध्पुलिस प्रशासन के अधिकारियों का पूर्णरूपेण सहयोग रहा, जिनका चुनाव समिति हृदय से धन्यवाद ज्ञापित करती है। चुनाव में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सभी कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा जो दिन-रात मेहनत करके चुनाव सम्पन्न कराया। शुक्रवार सुबह 10 बजे चुनाव समिति के देखरेख में मतपत्रों की छंटाई का कार्य लाइब्रेरी हाल में होगा जिसमें अध्यक्ष व महासचिव पद सभी प्रत्याशी एवं उनके पर्यवेक्षकों की उपस्थिति प्रार्थनीय है।







