Home उत्तर प्रदेश हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. रजनीश कुंवर को पितृशोक

हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. रजनीश कुंवर को पितृशोक

VARANASI NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रजनीश कुंवर के पिता एवं मुरली मनोहर टाउन पी कॉलेज, बलिया के पूर्व प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रामकुंवर यादव का मंगलवार की सुबह लंका स्थित आवास पर निधन हो गया। वह 88 वर्ष के थे। बीते कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे डॉ यादव के निधन से शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई। वह मूल रूप से चंदौली जनपद के धानापुर क्षेत्र के निवासी थे। डॉ. यादव शिक्षा जगत की प्रतिष्ठित एवं सम्मानित विभूति थे। उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने मेरठ कॉलेज से अपने अध्यापन जीवन की शुरुआत की। इसके पश्चात महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के समाजशास्त्र विभाग में कार्य किया। बाद में वह बलिया स्थित श्रीमुरली मनोहर टाउन पीजी कॉलेज के समाजशास्त्र विभाग में रीडर एवं विभागाध्यक्ष नियुक्त हुए। वर्ष 1982 में उन्हें इसी महाविद्यालय का प्राचार्य बनाया गया। लगभग 17 वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने महाविद्यालय के शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं संस्थागत विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वर्ष 1999 में वह प्राचार्य पद से सेवानिवृत्त हुए। सेवानिवृत्ति के बाद डॉ. यादव ने पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में ओएसडी, चीफ प्रॉक्टर तथा इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक सहित कई महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय की विभिन्न समितियों एवं परीक्षाओं में निरीक्षक और समन्वयक के रूप में भी उन्होंने उल्लेखनीय सेवाएं प्रदान कीं। डॉ. यादव अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके छोटे पुत्र प्रो. रजनीश कुंवर वर्तमान में हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य हैं, जबकि बड़े पुत्र डॉ अरविंद कुंवर राजकीय इंटर कॉलेज, शक्तिनगर में प्राचार्य पद पर कार्यरत हैं। परिवार में उनकी पत्नी, पोते विनायक कुंवर, कार्तिकेय कुंवर, आर्यन कुंवर, अंश कुंवर सहित अन्य परिजन हैं। उनका अंतिम संस्कार बुधवार की सुबह हरिश्चंद्र घाट पर किया गया, जहां उनके छोटे पुत्र प्रो. रजनीश कुंवर ने मुखाग्नि दी। इस अवसर पर हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा शिक्षा जगत से जुड़े अनेक लोगों ने उपस्थित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।