भयानक नाथ मंदिर में करेंगे जलाभिषेक
AURAIYA NEWS: जनपद के कस्बा कुदरकोट से सात श्रद्धालुओं का जत्था सोमवार को हरिद्वार से कांवड़ यात्रा को रवाना हुए। शिव भक्तों में बंटी चौरसिया, गोलू तिवारी, सोनू प्रजापति, प्रदीप शर्मा, ऋषभ कुमार, विपिन सविता शामिल हैं। श्रावण मास की शुरुआत के साथ कांवड़ यात्रा तेज हो गई है। यह सात लोगों का जत्था 13 जुलाई को कुदरकोट से कलश कांवड़ लेकर हरिद्वार के लिए निकला था। हरिद्वार से गंगाजल लेकर सोमवार को कांवड़िए वहां से वापस लौटना शुरु किया, बुधवार की दोपहर तक सभी ने 170 किमी की दूरी तय कर मुरादाबाद के कंठ थाना क्षेत्र तक पहुंच चुके हैं। कांवड़िए 21 जुलाई को सावन के दूसरे सोमवार पर कुदरकोट स्थित बाबा भयानक नाथ मंदिर में गंगाजल से जलाभिषेक करेंगे। श्रद्धालुओं का कहना है कि वे क्षेत्र की खुशहाली और विकास के लिए 470 किमी की पैदल यात्रा कर रहे हैं। बाबा भयानक नाथ मंदिर का इतिहास महाभारत काल से है। मान्यता है कि अज्ञातवास के समय पांडव (युधिष्ठिर, भीम, अर्जुन, नकुल व सहदेव) अपनी मां कुन्ती के साथ यहां पर कुछ समय के लिए रुके थे। इस दौरान उनके द्वारा इस शिवलिंग की स्थापना कर पूजा अर्चना की गई थी। इसके बाद पांडव यहां से अज्ञात स्थान के लिए रवाना हो गये थे।







