बीएन पब्लिक स्कूल महुली के होली मिलन समारोह में बोले विधायक
PRAYAGRAJ NEWS: हर खेत तक पानी पहुंचाना मेरी पहली प्राथमिकता है। क्षेत्र के सभी नहरों की मरम्मत करा कर जिन खेतों तक पानी नहीं पहुंचता था वहां तक पानी पहुंचवाने का काम किया। जो क्षेत्र असिंचित हैं उस क्षेत्र के हर खेत तक पानी पहुंचवाना मेरी पहली प्राथमिकता है। यह बातें कोरांव विधायक राजमणि कोल ने सोमवार को बड़ोखर मंडल के महुली गांव में स्थित बी एन पब्लिक स्कूल के परिसर में आयोजित होली मिलन समारोह कार्यक्रम को संबोधित कर बतौर मुख्य अतिथि कहीं। विधायक राजमणि कोल ने कहा कि होली मिलन समारोह आपसी सौहार्द भाईचारे के प्रतीक होते हैं। सभी लोगों को मिल-जुल कर सौहार्द आपसी भाईचारे के साथ रहना चाहिए। विधायक राजमणि कोल ने होली मिलन समारोह में उपस्थित सभी लोगों को होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि विधानसभा के हर खेत तक पानी पहुंचे और किसानों में खुशहाली आए। होली मिलन समारोह कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व ब्लाक प्रमुख राम अवध कुशवाहा ने कहा कि होली के त्यौहार हमें आपसी गिले और शिकवे दूर कर सौहार्द के साथ रहने की प्रेरणा देते हैं। इसी तरह भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चे की जिला महामंत्री संतरा देवी बिंद ने होली मिलन समारोह को संबोधित कर कहा कि होली का पर्व हमें एकता अखंडता और भाईचारे का संदेश देता है। इसी तरह मंडल अध्यक्ष रामराज सिंह पटेल समेत जमुना प्रसाद मिश्रा, रेवती पाल, कार्यक्रम आयोजक अमृतलाल सोनी ग्राम प्रधान मुरारी लाल मौर्य, विधायक प्रतिनिधि अखंड पांडेय समेत कई वक्ताओं ने संबोधित किया। विद्यालय के प्रबंधक संतोष सोनी ने आए हुए अतिथियों का आभार व्यक्त किया इस दौरान विधायक समेत उपस्थित अन्य कार्यकर्ताओं व पार्टी पदाधिकारियों ने फूलों की होली खेली। जहां भारी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य लोग जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।







