SIDHARTHNAGAR NEWS: ‘स्वच्छता ही सेवा 2025’ अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से सिद्धार्थनगर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता बांसी के विधायक जय प्रताप सिंह ने की। इसमें डुमरियागंज के सांसद प्रतिनिधि एस.पी. अग्रवाल और अपर जिलाधिकारी गौरव श्रीवास्तव भी मौजूद थे। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। कूड़ा प्रबंधन पर दिया जोर बैठक में विधायक जय प्रताप सिंह ने कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ‘आरआरसी सेंटर’ को पूरी तरह से चालू किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग करने के लिए डस्टबिन रखे जाएं। विधायक ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाने की बात भी कही। सांसद प्रतिनिधि एस.पी. अग्रवाल ने कहा कि नगर निकायों में घर-घर जाकर कूड़ा इकट्ठा करने की व्यवस्था हो और साफ-सफाई नियमित रूप से की जाए। उन्होंने नालों की सफाई सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी गौरव श्रीवास्तव ने भी लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया और इस पखवाड़े को सफल बनाने का आग्रह किया। बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार, सभी नगर पालिका/नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी और एलबीसी पुरुषोत्तम लाल श्रीवास्तव सहित कई अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।







