लोधी क्षत्रिय एम्प्लॉइज एसोसिएशन ने उरई नगर में प्रतिमा लगाने की उठाई मांग
मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जनभावनाओं पर विचार का दिया आश्वासन
JALAUN NEWS: लोधी क्षत्रिय एम्प्लॉइज एसोसिएशन (लक्ष्य) की ओर से उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल स्व. कल्याण सिंह की प्रतिमा उरई नगर में स्थापित किए जाने की मांग को लेकर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को ज्ञापन सौंपा गया।
संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. शत्रुघ्न सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को बताया कि स्व. कल्याण सिंह प्रदेश व देश की राजनीति के पुरोधा रहे हैं। राम मंदिर आंदोलन सहित जनहित के अनेक निर्णयों में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही है। इसके बावजूद उरई नगर में उनकी प्रतिमा स्थापित नहीं है, जबकि पिछले चार वर्षों से लगातार इसकी मांग की जा रही है। ज्ञापन में कहा गया कि स्व. कल्याण सिंह की जयंती व अन्य कार्यक्रम प्रतिवर्ष मनाए जाते हैं, लेकिन प्रतिमा के अभाव में आयोजनों में कठिनाई होती है। संगठन ने मांग की कि उरई शहर के किसी प्रमुख सार्वजनिक स्थल पर उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित कराई जाए, जिससे नई पीढ़ी उनके विचारों व संघर्षों से प्रेरणा ले सके। इस पर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जनभावनाओं से जुड़ी इस मांग पर सरकार स्तर पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। मौके पर संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।







