गाजीपुर पुलिस व एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, चोरी का सामान व औजार बरामद
FATEHPUR NEWS: थाना गाजीपुर पुलिस, इंटेलिजेंस विंग और एसओजी की संयुक्त टीम ने स्कूलों में ताला तोड़कर चोरी करने वाले पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान और वारदात में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं। इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस टीम को 15 हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया गया है। पुलिस के अनुसार 20 मार्च 2026 की रात कंपोजिट विद्यालय सोनबरसा बहुआ में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर कार्यालय और कमरों से कंप्यूटर सिस्टम व रसोई का सामान चोरी कर लिया था। इस मामले में थाना गाजीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद 30 मार्च 2026 को उसी विद्यालय में फिर चोरी की घटना सामने आई, जिससे पुलिस हरकत में आई और मामले की गहन जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर 1 अप्रैल 2026 को कोतवाली क्षेत्र के शांतिनगर मोहल्ले में छापा मारा। यहां किराए के मकान में चोरी का सामान बांट रहे पांच आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में राकेश विश्वकर्मा, अरविंद कुमार, वीरेन्द्र कुमार लोधी, सुरेश कुमार लोधी और गुलाम रसूल शामिल हैं। सभी आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान बरामद हुआ है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांवों से दूर स्थित स्कूलों को निशाना बनाते थे। रात में स्कूलों का ताला तोड़कर सिलेंडर, कंप्यूटर, पंखे और बर्तन आदि चोरी कर लेते थे और बाद में आधे दाम में बेच देते थे। इसी पैसे से वे अपना और अपने परिवार का खर्च चलाते थे। गिरोह ने जिले के अन्य थाना क्षेत्रों राधानगर, थरियांव, कल्याणपुर, हुसेनगंज और बिंदकी में भी कई स्कूलों में चोरी की वारदात कबूल की है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है।







