Home उत्तर प्रदेश स्कूल वैन से टकराकर मासूम बच्ची की हुई मौत, परिजनों में मचा...

स्कूल वैन से टकराकर मासूम बच्ची की हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम

पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज

FATEHPUR NEWS: हुसैनगंज थाना क्षेत्र के नेवलापुर मजरे गौरा कला में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल वैन की टक्कर से दो वर्षीय मान्शी यादव की मौके पर मौत हो गई। मान्शी अपने घर के पास रास्ते में खेल रही थी, तभी यह घटना हुई।
बताते चलें कि शुक्रवार की सुबह करीब 7:30 बजे एक तेज रफ्तार स्कूल मैजिक ने बच्ची को टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने वाहन को घेर लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मैजिक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मैजिक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कराया है। मैजिक में नौ स्कूली बच्चे सवार थे, जो पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। यह मैजिक हुसैनगंज कस्बा के सरस्वती शिशु मंदिर की बताई जा रही है। घटना के बाद मृतक बच्ची के परिवार में कोहराम मच गया। मान्शी, महेंद्र यादव की पुत्री थी और अपने चार भाई व तीन बहनों में सबसे छोटी थी। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मैजिक के सभी कागजात दुरुस्त पाए गए हैं। हालांकि, जिलाधिकारी ने गाड़ी के कागजात और स्कूल प्रबंधन की भूमिका की जांच के आदेश दिए हैं। जांच में अनियमितता पाए जाने पर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं कुछ लोगों का दबे मुंह कहना रहा है कि पुलिस ड्राइवर को बचाने का काम कर रही है क्योंकि ड्राइवर के पास शायद ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था और उसको बिल्कुल से बचाया जा रहा था तो वहीं स्थानीय लोगों का कहना रहा है कि शायद दबाव में पुलिस किसी ड्राइविंग लाइसेंस धारक चालक का नाम ड्राइवर में डाल कर केस में शामिल कर दे।