Home उत्तर प्रदेश स्काउट-गाइड के मार्च पास्ट से तिरंगा यात्रा में दिखा देशभक्ति का जज्बा

स्काउट-गाइड के मार्च पास्ट से तिरंगा यात्रा में दिखा देशभक्ति का जज्बा

AURAIYA NEWS: अजीतमल क्षेत्र के बीसलपुर में भारतीय स्काउट के जनक पंडित श्रीराम बाजपेई की जयंती कंपोजिट विद्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया और विशिष्ट अतिथि भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मोनू सेंगर रहे। अतिथियों ने पंडित श्रीराम बाजपेई के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और केक काटकर जयंती मनाई। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार ने छात्र-छात्राओं को स्काउट-गाइड के महत्व, उद्देश्य और समाजसेवा में इसकी भूमिका की जानकारी दी। स्काउट-गाइड के बच्चों ने कलर पार्टी, मार्च पास्ट सहित विभिन्न आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पूर्व जिला सचिव स्काउट रजनीश कुमार सिंह ने पंडित श्रीराम बाजपेई के जीवन और भारतीय स्काउट के क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, सेवा और राष्ट्रप्रेम की भावना से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला गाइड कैप्टन अनुपमा शर्मा ने किया। यूनिट लीडर नेमा शिव कुमार के मार्गदर्शन में बच्चों ने विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के समापन से पहले अतिथियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने गांव में तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे स्काउट-गाइड के बच्चों ने देशभक्ति के नारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत हो गया। इस मौके पर ग्राम प्रधान राजकुमार नायक, प्रधानाध्यापक अजय पाल सिंह, सहायक अध्यापक नरेश बाबू, बृजेश कुमार,पंचायत सहायक नम्रता सहित रसोइयों ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सहयोग किया।