Home उत्तर प्रदेश सोशल मीडिया पर अश्लील पोस्ट और धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर अश्लील पोस्ट और धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार

ETAWA: सोशल मीडिया पर अश्लील पोस्ट और धमकियों के जरिए एक युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने वाले आरोपी को जसवंतनगर पुलिस ने मंगलवार सुबह गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी को ब्लॉक कार्यालय के पास संदिग्ध हालत में खड़े होने की सूचना पर दबोचा गया। थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने पुलिस से शिकायत में बताया कि निलोई निवासी दिव्यांश पुत्र नवनीत पिछले काफी समय से उसे फोन पर गाली-गलौज कर रहा था और उसके भाई को जान से मारने की धमकी दे रहा था। इतना ही नहीं, आरोपी ने इंस्टाग्राम पर युवती के नाम से एक फर्जी आईडी बनाकर उस पर आपत्तिजनक और अश्लील सामग्री पोस्ट की, जिससे उसकी सामाजिक छवि को भारी क्षति पहुँची। पीड़िता के अनुसार, जब उसने विरोध किया तो आरोपी के पिता ने उल्टा उसे ही समझाने की कोशिश की और अपने बेटे का पक्ष लिया। आरोपी पहले भी कई बार रास्ता रोककर उसे परेशान कर चुका है। इस संबंध में पीड़िता ने 24 मई को थाना जसवंतनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मंगलवार सुबह क्राइम इंस्पेक्टर नरेंद्र मिश्रा को आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिली, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।