आईजीआरएस शिकायतों का मौके पर निस्तारण
KAUSHAMBI NEWS: तहसील क्षेत्र के ग्राम सैनी स्थित पंचायत भवन में बुधवार को उपजिलाधिकारी प्रमेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में राजस्व चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में वर्षभर से लंबित आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज दस शिकायतों की सुनवाई की गई, जिनमें से चार शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को राहत दिलाई गई।राजस्व चौपाल में सरकारी भूमि पर कब्जा, भूमिधरी भूमि विवाद, वरासत, हदबंदी, बंटवारा, कुर्रा-फाट एवं अन्य राजस्व संबंधी मामलों पर सुनवाई हुई। प्रदीप कुमार साहू ने पार्किंग व्यवस्था, प्रकाश गिरी ने अवैध कब्जे तथा मुन्नी देवी ने भूमिधरी भूमि पर कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी प्रमेश श्रीवास्तव एवं तहसीलदार संजय कुमार दुबे ने मौके का निरीक्षण कर चार मामलों का तत्काल निस्तारण कराया तथा शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।उपजिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों को न्यायालय में लंबित मामलों की नियमित पैरवी करने तथा भूमि संबंधी विवादों का समाधान विधिक प्रक्रिया के तहत कराने के लिए जागरूक भी किया।इस अवसर पर प्रभारी राजस्व निरीक्षक रोहित अग्रहरि, ग्राम सचिव अनूप कुमार, लेखपाल, प्रधान प्रतिनिधि श्रवण पटेल सहित राजस्वविभागकेअधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।







