SIDHARTHNAGAR NEWS: विकास खंड बढ़नी की ग्राम पंचायत सेमरहवा में सरकारी योजनाओं की अनदेखी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां ग्रामीणों की सुविधा के लिए बनाया गया पंचायत भवन और ओपन जिम सेंटर पूरी तरह से बेमानी हो चुके हैं, क्योंकि इन पर हमेशा ताला लटका रहता है। इससे सरकार की मंशा के विपरीत, ग्रामीण इन सुविधाओं का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।
गांव वालों ने बताया कि पंचायत भवन और ओपन जिम एक ही परिसर में हैं। जब गेट पर ताला लगा होता है, तो कोई भी व्यक्ति ओपन जिम का इस्तेमाल नहीं कर पाता। ग्रामीणों के अनुसार, इन भवनों का ताला सिर्फ तब खुलता है, जब किसी बड़े अधिकारी के आने की सूचना होती है। गांव के रूपराज, गोलू, रामचल और सूफियान जैसे कई लोगों ने दबे स्वर में कहा कि सरकारी पैसा खर्च होने के बाद भी ये सुविधाएं उनके किसी काम नहीं आ रही हैं। इस मामले पर खंड विकास अधिकारी अनिशि मणि पाण्डेय ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर पंचायत सहायक या सचिव की लापरवाही की शिकायत सही पाई जाती है, तो जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।







