Home उत्तर प्रदेश सेमफोर्ड स्कूल के 12 छात्रों ने  जिले में लहराया परचम, अभिभावकों संग...

सेमफोर्ड स्कूल के 12 छात्रों ने  जिले में लहराया परचम, अभिभावकों संग मनाया सफलता का जश्न

96.2% अंक पाकर कीर्ति पाण्डेय बनीं शेमफोर्ड स्कूल की टॉटर MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) कंतित बसही स्थित सेमफोर्ड स्कूल में गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता एवं सम्मान समारोह में सीबीएसई द्वारा कक्षा 10वीं के उत्कृष्ट परिणामों पर मेधावी छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर उत्साह और गर्व के माहौल से सराबोर नजर आया। विद्यालय के कुल 83 विद्यार्थियों में से 12 छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। समारोह के दौरान सभी सफल विद्यार्थियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। परिणामों में कीर्ति पाण्डेय ने 96.2% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं आयुष मिश्रा (94.4%) द्वितीय, आयुष सेठ (93.8%) तृतीय, आर्यन (92.6%) चतुर्थ और आरव सोनकर (92.4%) पांचवें स्थान पर रहे। इसके अलावा दीपक यादव (92.2%), विवान यादव एवं शुभम गुप्ता (91.8%), आर्यन सिंह (91.6%), हिमांशु मिश्रा एवं खुशी पाण्डेय (90.8%) तथा प्रियांशी सिंह (90%) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विषयवार उत्कृष्ट प्रदर्शन में भी विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। हिन्दी में आर्या तिवारी ने 98 अंक प्राप्त किए, जबकि अंग्रेजी में आयुष सेठ ने 97 अंक हासिल किए। गणित में कीर्ति पाण्डेय, विज्ञान में आयुष मिश्रा एवं कीर्ति पाण्डेय, तथा सामाजिक विज्ञान में आयुष मिश्रा और दीपक यादव ने सर्वाधिक अंक अर्जित किए। कम्प्यूटर विषय में आर्यन ने 98 अंक प्राप्त किए। पेंटिंग विषय में खुशी पाण्डेय, एंजल सेन, कीर्ति पाण्डेय एवं प्रियांशी सिंह ने शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि दर्ज की। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय के डायरेक्टर विवेक बरनवाल एवं शिप्रा बरनवाल ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष कुमार सिंह एवं नटवा शाखा की प्रधानाचार्या श्वेता मेहरोत्रा खत्री ने भी सभी सफल छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कार देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर उपस्थित अभिभावकों ने भी विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की सफलता में स्कूल का अनुशासन, शिक्षण पद्धति और शिक्षकों की मेहनत का महत्वपूर्ण योगदान है। कार्यक्रम में सन्तोष कुमार विश्वकर्मा, अनुज बरनवाल, अनिल कुमार यादव, शर्मिला सिंह, संगीता शर्मा, शबाना परवीन, दानिश जैदी समेत विद्यालय के सभी समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे और बच्चों को आशीर्वाद देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।