ETAWA/BHARTHNA NEWS: थाना क्षेत्र के गिरधारीपुरा मोहल्ले का युवक शिवम पुत्र अखिलेश रविवार से लापता था। सोमवार को उसका शव सेंगर नदी से बरामद हुआ। शव मिलने की खबर गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि शिवम की हत्या की गई है। उसका शव नदी में फेंक दिया गया जानकारी के मुताबिक रविवार दोपहर शिवम को उसके कुछ साथी घर से बुलाकर ले गए थे। देर शाम तक जब वह वापस नहीं आया तो परिजनों ने तलाश शुरू की।सोमवार को पुलिस और गोताखोरों की मदद से करीब 21 घंटे की मशक्कत के बाद सेंगर नदी से उसका शव निकाला गया। देर रात तक गोताखोर उसकी तलाश करते रहे लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह तहसीलदार दिलीप कुमार और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में स्टीमर व गोताखोरों की मदद से नदी में कॉम्बिंग की गई। करीब साढे़ 11 बजे बैसौली गांव के पास शिवम का शव बरामद हुआ। शव बाहर निकलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इसी बीच मृतक के मामा और पूर्व जिला पंचायत सदस्य अजय यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि शिवम की हत्या कर शव को नदी में फेंका गया है। उन्होंने बताया कि मृतक की चप्पल घटना स्थल से कुछ दूरी पर खेत में मिली है, जबकि बाइक और कपड़े अलग जगह पर मिले हैं। यह मामला संदिग्ध है और हत्या की गहन जांच होनी चाहिए। वहीं मृतक की बहन शिवानी ने भी आरोप लगाया कि उसके भाई की साजिशन हत्या की गई है। उसने दो नामजदों पर पैसे देकर हत्या कराने का आरोप लगाया और कहा कि कुल चार लोगों ने इस साजिश में भूमिका निभाई है। शिवानी के अनुसार, शिवम के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं और उसके दोनों फोन भी गायब हैं। परिजनों ने नामजद आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।







