KUSHINAGAR NEWS: पूर्वांचल महोत्सव के तत्वावधान में 31 जुलाई को तुर्कपट्टी स्थित सूर्य मंदिर में आयोजित होने वाले सूर्य मूर्ति प्राकट्य उत्सव के लिए लखनऊ से निकली कलश यात्रा बुधवार को फाजिलनगर के कालेज रोड स्थित दिगंबर जैन मंदिर से अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई। कलश यात्रा को आयोजन समिति के अध्यक्ष विनय राय एवं जैन मंदिर के पुजारी अजय कुमार जैन ने विधिवत पूजा के बाद झंडी दिखाकर रवाना किया। यह कलश यात्रा 28 जुलाई को लखनऊ के हनुमान सेतु मंदिर से प्रारंभ हुई थी। जो विभिन्न स्थलों से होते हुए 29 जुलाई की रात्रि में फाजिलनगर पहुंची। 30 जुलाई की सुबह विधिविधान से पूजन कर यात्रा को आगे रवाना किया गया। यह यात्रा तमकुहीराज के संकटमोचन मंदिर, सेवरही का शिवाघाट, सिधुआ घाट, दुदही आदि स्थानों से होते हुए पडरौना पहुंचेगी। वहां नगर पालिका चेयरमैन विनय जायसवाल कलश यात्रा का भव्य स्वागत करेंगे। इससे पूर्व दिगंबर जैन मंदिर में पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसे मंदिर के पुजारी अजय कुमार जैन एवं अन्य गणमान्य लोगों ने संपन्न कराया। इस पावन अवसर पर पूर्व प्रमुख तमकुही विजय राय, भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राधेश्याम पांडेय, पूर्व प्रधान विनय तिवारी, ब्रजेश पांडेय, प्रधान अजय तिवारी, राज कुमार गिरी, मनोज राव, मनीष तिवारी, चौरा व्यापार मंडल अध्यक्ष विकास पांडेय, मनीष चंद्र कौशिक सहित अनेक श्रद्धालु एवं सम्मानित जन उपस्थित रहे। 31 जुलाई को तुर्कपट्टी में भव्य रूप से सूर्य मूर्ति प्राकट्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।







