Home उत्तर प्रदेश सुरक्षित खाद्य के लिए खाद्य विभाग का चला अभियान, नौगढ़ में 17...

सुरक्षित खाद्य के लिए खाद्य विभाग का चला अभियान, नौगढ़ में 17 नमूनों को किया गया जब्त

SIDHARTHNAGAR NEWS: आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को नौगढ़ के तेतरी बाजार में एक बड़ी छापेमारी की। यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ और जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. के सीधे निर्देश पर की गई। सहायक आयुक्त (खाद्य)-II, आर.एल. यादव के नेतृत्व में सचल दल ने विभिन्न दुकानों से कुल 17 खाद्य नमूनों को जब्त किया। इनमें 5 अचार (आम, लहसुन, मिक्स), 3 शुगर बॉयल्ड कन्फेक्शनरी, 4 ग्रीन और रेड चिली सॉस, 2 आंवला मुरब्बा, 2 जैम और 1 टोमेटो कैचप के नमूने शामिल हैं।
इन सभी नमूनों को विस्तृत जांच के लिए तुरंत खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को सख्त हिदायत दी है कि वे खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें और किसी भी कीमत पर मिलावटी या अमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री न करें. छापेमारी दल में सहायक आयुक्त आर.एल. यादव के साथ मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र प्रताप सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी जय प्रकाश, नीरज कुमार चौधरी और हीरा लाल शामिल थे।