JAUNPUR NEWS: सोमवार शाम तेज बारिश के बाद नगर क्षेत्र के मछलीशहर पड़ाव के पास हुए जलभराव ने एक बड़ी दुर्घटना का रूप ले लिया। खुले नाले में दो मासूम बच्चे और एक ई-रिक्शा चालक बह गए। इस हृदय विदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और स्थलीय निरीक्षण कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा — “दोषियों के विरुद्ध होगी कठोर कार्रवाई। प्रारंभिक जांच के अनुसार, अत्यधिक वर्षा के चलते यह हादसा हुआ। लेकिन जिम्मेदारी तय करने के लिए प्रशासन ने एक जांच कमेटी गठित कर दी है। इस कमेटी की अध्यक्षता करेंगे *एसपी सिटी,आयुष श्रीवास्तव व मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बिष्ट* जो 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपेंगे। फिलहाल, एक व्यक्ति का शव बरामद कर लिया गया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र सिंह ने यह भी कहा कि— “जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, चाहे वह किसी भी स्तर पर हो, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।”







