FATEHPUR NEWS: शिक्षा को बढ़ावा देने और प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से मिशन एजुकेशन एक्सीलेंस अवॉर्ड सेरेमनी-2026 का भव्य आयोजन अंजुमन हॉल, अबू हनीफा नगर, कुंडा में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन (सीजेए) के जिलाध्यक्ष, शिक्षाविद एवं समाजसेवी जफर सिद्दीकी की पहल पर किया गया। कार्यक्रम में नीट, आईआईटी-जेईई, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू), जामिया मिल्लिया इस्लामिया, बैंकिंग, उत्तर प्रदेश पुलिस सहित विभिन्न प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों और शिक्षा सेवियों को भी सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई। समारोह के मुख्य अतिथि सेंट जोसेफ स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर एजाज़ खान रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा समाज के विकास का सबसे मजबूत आधार है और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जफर सिद्दीकी ने कहा कि मिशन एजुकेशन एक्सीलेंस अवॉर्ड का उद्देश्य ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की प्रतिभाओं को पहचान दिलाना तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों को सम्मानित करना समाज के उज्ज्वल भविष्य में निवेश के समान है। इस अवसर पर ज़ीशान फारूकी, उमाम फारूकी, सलीम फारूकी, अयान अली, मोहम्मद अयान, अशद हुसैन सिद्दीकी, फ़राज़ सिद्दीकी, उमर सिद्दीकी, उमरा कमर, सिमरा फ़ातिमा, मोहम्मद आक़िब सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के शिक्षाविद, प्रधानाचार्य, समाजसेवी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें जीवन में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम का समापन अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।
Home उत्तर प्रदेश सीजेए जिलाध्यक्ष जफर सिद्दीकी की पहल पर मिशन एजुकेशन एक्सीलेंस अवॉर्ड सेरेमनी-2026...







