गड़बड़ सड़क बनाने वाले ठेकेदारों पर होगी प्राथमिकी
SIDHARTHNAGAR NEWS: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में गुरुवार को गोरखपुर के सर्किट हाउस सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में बस्ती और गोरखपुर मंडल के सांसद, विधायक (जिनमें शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा भी शामिल थे) और विधान परिषद सदस्य मौजूद रहे।
यह समीक्षा बैठक मुख्य रूप से लोक निर्माण विभाग की कार्य योजनाओं और विकास परियोजनाओं पर केंद्रित थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक के दौरान प्रमुख सचिव को स्पष्ट निर्देश दिए कि विधायकों की प्राथमिकताओं के आधार पर ही कार्यों को स्वीकृति दी जाए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि जो भी ठेकेदार गड़बड़ सड़क बनाएगा, उस पर प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेजा जाएगा।
मुख्यमंत्री का यह कदम जनप्रतिनिधियों के सुझावों और क्षेत्रीय जरूरतों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। इस आश्वासन से शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भी जल्द ही सड़कों का जाल बिछने और विकास होने की उम्मीद जगी है।
मुख्यमंत्री ने विधायकों को आमंत्रित कर सीधा संवाद किया और लोक निर्माण विभाग के कार्यों की जमीनी हकीकत जानने का प्रयास किया। यह संवाद और समीक्षा का सिलसिला निश्चित रूप से उत्तर प्रदेश के विकास को और गति देगा।







