जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्र का किया औचक निरीक्षण
SIDHARTHNAGAR NEWS: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। इसी क्रम में प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने जय किसान इण्टर कॉलेज, सकतपुर सनई परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सीधे परीक्षा केंद्र के कंट्रोल रूम (सीसीटीवी कक्ष) का रुख किया और कैमरों की सक्रियता को बारीकी से परखा। इसके साथ ही उन्होंने परीक्षार्थियों की सघन चेकिंग, सुरक्षा घेरे और केंद्र पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी भौतिक सत्यापन किया। संतुष्टि व्यक्त करते हुए अधिकारियों ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों और पुलिस बल के अधिकारी व कर्मचारीगण को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता से समझौता करने वाले किसी भी अराजक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा और पूरी परीक्षा शासन की मंशा के अनुरूप कड़े सुरक्षा घेरे में संपन्न कराई जाएगी।







