एनएसएस की सड़क सुरक्षा रैली ने जगाई जागरूकता
VARANASI NEWS: हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा गुरुवार को द्वितीय एक दिवसीय शिविर के अंतर्गत एक प्रभावशाली सड़क सुरक्षा रैली का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन बावन बीघा परिसर, हरिश्चंद्र पी. जी. कॉलेज, आजमगढ़ रोड में किया गया, जिसका मुख्य विषय “सड़क सुरक्षा” रहा। रैली में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों एवं स्वयंसेविकाओं ने बनियापुर, आदमपुर, तारापुर, रजनहिया तथा हरिबलमपुर गांवों में जनजागरण अभियान चलाया। हाथों में स्लोगन-पोस्टर और बुलंद नारों के साथ विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।स्वयंसेवकों ने ग्रामीणजनों को हेलमेट की अनिवार्यता, सीट बेल्ट के उपयोग, रोड लाइट के विभिन्न रंगों के अर्थ, सड़क पार करते समय बरती जाने वाली सावधानियों तथा मानव जीवन के अमूल्य महत्व के विषय में विस्तार से जानकारी दी। “सावधानी हटी, दुर्घटना घटी” जैसे नारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। रैली आदमपुर से प्रारंभ होकर बनियापुर होते हुए पुनः शिविर स्थल बावन बीघा परिसर पहुंची, जहां स्वयंसेवकों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई। इसके उपरांत एनएसएस की परंपरागत ‘एनएसएस ताली’, ‘स्वागत ताली’ एवं ‘विशेष ताली’ की जानकारी देते हुए उनका सामूहिक अभ्यास कराया गया, जिससे शिविर में अनुशासन और उत्साह का वातावरण बना रहा। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शिवानंद यादव, प्रो. वंदना पाण्डेय, दिव्यानी बरनवाल, राजेन्द्र प्रसाद तथा प्रज्ञा ओझा उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल समाज में जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करती है।







