Home उत्तर प्रदेश साले की तलाश में रायबरेली पुलिस उठा ले गई छोले विक्रेता, पूछताछ...

साले की तलाश में रायबरेली पुलिस उठा ले गई छोले विक्रेता, पूछताछ के बाद छोड़ने की बात

KAUSHAMBI NEWS: कड़ा धाम थाना क्षेत्र के दारानगर बाजार में रविवार शाम करीब 8:15 बजे उस समय हड़कंप मच गया जब बाजार निवासी छोले विक्रेता संजय साहू को कुछ लोग चार पहिया वाहन से अपने साथ लेकर चले गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि संजय साहू (पुत्र राजाराम साहू) बाजार में छोले बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उसी दौरान कुछ लोग कार से पहुंचे और उन्हें अपने साथ ले गए। इसकी जानकारी जैसे ही उनके बेटे विष्णु साहू को हुई, वह भागकर घर पहुंचा और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।सूचना मिलते ही कड़ा धाम थाना अध्यक्ष त्रिलोकी नाथ पांडे मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल शुरू की। जांच में पता चला कि संजय साहू को रायबरेली पुलिस अपने साथ ले गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार रायबरेली जनपद में हुई एक बड़ी लूट की घटना में संजय साहू का साला गुड्डू नामक व्यक्ति संदिग्ध बताया जा रहा है, जिस पर पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। बताया गया कि गुड्डू अपनी बहन, यानी संजय साहू की पत्नी से लगातार संपर्क में रहता था और होली के दौरान भी आया था,मोबाइल की कॉल डिटेल के आधार पर रायबरेली पुलिस पूछताछ के लिए संजय को साथ ले गई है। रायबरेली पुलिस का कहना है कि संजय साहू सीधे तौर पर मामले में शामिल नहीं हैं। उनसे सिर्फ जानकारी लेने के लिए पूछताछ की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें छोड़ दिया जाएगा और उनके साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार नहीं किया जा रहा है।