SIDHARTHNAGAR NEWS: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वस्थ भारत, समर्थ भारत’ के सपने को साकार करने और देश में खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पूरे भारत में चल रहे सांसद खेल महोत्सव का शुक्रवार को सिद्धार्थनगर में भव्य आगाज हुआ। डुमरियागंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद जगदंबिका पाल के नेतृत्व में जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में हजारों खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की शुरुआत हुई, जिसका पहला रजिस्ट्रेशन सांसद जगदंबिका पाल ने स्वयं कराया। शुक्रवार को स्वर्गीय मेजर ध्यानचंद की जयंती और राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सांसद जगदंबिका पाल ने अपने आवास से हजारों खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के साथ पैदल मार्च करते हुए स्टेडियम पहुंचे। कार्यक्रम की शुरुआत मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान, नगरपालिका अध्यक्ष गोविंद माधव रवि अग्रवाल, भाजपा जिला महामंत्री विपिन सिंह, अजय उपाध्याय, एसपी अग्रवाल सहित हजारों की संख्या में खिलाड़ी, एनसीसी कैडेट्स और गणमान्य लोग उपस्थित थे। सांसद जगदंबिका पाल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘स्वस्थ सिद्धार्थनगर, समर्थ सिद्धार्थनगर’ के तर्ज पर यह महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह महोत्सव 25 दिसंबर तक चलेगा। 29 अगस्त से 20 सितंबर तक रजिस्ट्रेशन होंगे, जबकि 21 सितंबर से 25 दिसंबर तक ग्राम, ब्लॉक और जिला स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान ने प्रधानमंत्री के पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के सपने का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल और गिल्ली डंडा जैसे खेलों को शामिल किया जाएगा, जिससे इन खेलों को एक नया मंच मिलेगा।
उद्घाटन समारोह के दौरान जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में हॉकी और रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। महिला और पुरुष वर्ग की रस्साकशी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महिला वर्ग में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अरुणिमा मिश्रा और मोनी पांडे के नेतृत्व वाली टीमों ने जीत हासिल की। सांसद जगदंबिका पाल ने विजेता टीमों को मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मेजर ध्यानचंद के समर्पण और खेल भावना से सीखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद की लगन और मेहनत ही थी कि आज पूरा देश उन्हें नमन कर रहा है।
कार्यक्रम का सफल संचालन सांसद खेल महोत्सव आयोजन समिति के सचिव अरुण कुमार प्रजापति ने किया। इस दौरान एसपी अग्रवाल, रिंकू पाल, अखंड सिंह, अमरिंदर सिंह, प्रिंस शर्मा, सूर्य प्रकाश पांडे, सत्यानंद पांडे, राजू पाल, राजेश द्विवेदी, कमलेश चौरसिया, रामकेश पांडे, मनोज वर्मा, मनोज चौबे, राकेश पांडे, अमित कुमार त्रिपाठी सहित जनपद के विभिन्न विकासखंडों से आए खेल प्रेमियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।







