JHANSI NEWS: “सशक्त गाँव, सशक्त झाँसी” के अपने संकल्प को चरितार्थ करते हुए झाँसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग शर्मा ने मऊरानीपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखी। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत क्षेत्र में बिछाए गए सड़कों के जाल और शिक्षा के स्तर को ऊँचा उठाने हेतु नवनिर्मित विद्यालय भवन का लोकार्पण कर उन्होंने क्षेत्र की जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर उनके साथ क्षेत्रीय विधायक श्रीमति रश्मि आर्य , जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी तथा गणमान्य नागरिक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत नवनिर्मित वे महत्वपूर्ण मार्ग रहे, जो मऊरानीपुर की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आवागमन के लिए जीवनरेखा साबित होंगे। सांसद अनुराग शर्मा ने टी-05 कि.मी. 12 से अतरसुवां मार्ग (जिसमें खिरिया बाट, अचौसा, सेरिया सम्मिलित हैं), टी-01 कि.मी. 36 से सिजारा (इमिलिया से सिजारा), टी-01 कि.मी. 46 पण्डवाहा से बिजना (जिसमें पण्डवाहा, टोड़ी फतेहपुर, सुजवां, दुरवई सम्मिलित हैं) तथा टी-06 कि.मी. 7 टोड़ी फतेहपुर से रजवारा मार्ग का विधिवत लोकार्पण किया। इसके अतिरिक्त टी-03 कि.मी. 79 से खकौरा मार्ग के बन जाने से अब भण्डरा, घाट कोटरा, भानपुरा और कदौरा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा। सांसद ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि ये सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि मऊरानीपुर की प्रगति, विकास और समृद्धि के नए द्वार खोलने वाली जीवनरेखा हैं।
विकास की इस कड़ी को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाते हुए सांसद जी ने विकासखंड गुरसराय के ग्राम टोड़ी फतेहपुर में ‘समग्र शिक्षा अभियान’ के अंतर्गत नवनिर्मित उच्च प्राथमिक विद्यालय के नवीन भवन का भी लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश की ‘डबल इंजन’ सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा की गुणवत्ता को सशक्त बनाने और विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षिक वातावरण तैयार करने हेतु निरंतर प्रयासरत है। यह नया विद्यालय भवन क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए आधुनिक सुविधाओं और उज्ज्वल भविष्य की नई संभावनाओं का केंद्र बनेगा। अंत में सांसद अनुराग शर्मा ने सभी क्षेत्रवासियों और विशेष रूप से छात्र-छात्राओं को इन नई सौगातों के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि केंद्र और प्रदेश सरकार के साझा प्रयासों से झाँसी लोकसभा का प्रत्येक गाँव विकास की मुख्यधारा से जुड़कर सशक्त बनेगा। कार्यक्रम के दौरान भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने विकास कार्यों के प्रति उत्साह और आभार प्रकट किया।







