JHANSI NEWS: झांसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से किए जा रहे सतत प्रयासों के क्रम में सांसद अनुराग शर्मा को एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी द्वारा एनएच -44 और एनएच-39 को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण बाईपास निर्माण हेतु 631.73 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। प्रस्तावित यह बाईपास लगभग 15.572 किलोमीटर लंबा होगा, जिसे ‘ग्रीन कॉरिडोर’ के रूप में विकसित किया जाएगा। यह परियोजना झांसी एवं ओरछा क्षेत्र में यातायात को सुगम बनाएगी, साथ ही बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण के माध्यम से क्षेत्र में हो रहे औद्योगिक विकास को भी नई दिशा देगी। ग्रीन कॉरिडोर के रूप में विकसित होने के कारण यह पर्यावरण संरक्षण एवं क्षेत्र की हरियाली को भी बढ़ावा देगा। इस अवसर पर सांसद अनुराग शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने इस बाईपास की आवश्यकता को लेकर केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी से कई बार मुलाकात कर चर्चा की थी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा इस परियोजना को स्वीकृति मिलना अत्यंत हर्ष का विषय है। यह बाईपास क्षेत्र की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाते हुए ‘विकसित बुंदेलखंड’ के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सांसद ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि बुंदेलखंड का विकास इस दिशा में अहम योगदान देगा। उन्होंने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए क्षेत्र की जनता की ओर से प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री का हृदय से आभार व्यक्त किया। इस घोषणा के बाद पूरे संसदीय क्षेत्र एवं ओरछा में हर्ष का वातावरण है। स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों ने इसे क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया है।







