छात्रों से की सीधी बातचीत, पंखे, पेयजल, भोजन और शुल्क संबंधी शिकायतों की जांच
FATEHPUR NEWS: खागा तहसील क्षेत्र के किशनपुर स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में छात्रों के प्रदर्शन के बाद बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी प्रशासनिक और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने विद्यालय का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया, छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मंगलवार को दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) राकेश कुमार, एसडीएम खागा अश्वनी पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी (सीओ) रवि सिंह तथा एआरपी प्रदीप शुक्ला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रदर्शन में शामिल छात्रों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतों की जानकारी ली। टीम ने विद्यालय की कक्षाओं में लगे पंखों, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था तथा छात्रों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का निरीक्षण किया। इसके साथ ही मार्कशीट एवं स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) के नाम पर अतिरिक्त शुल्क वसूले जाने के आरोपों से संबंधित अभिलेखों की भी गहन जांच की। डीआईओएस राकेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को छात्रों की मांगों के संबंध में विद्यालय प्रबंधन को जो निर्देश दिए गए थे, बुधवार को उनके अनुपालन की स्थिति का निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं के समाधान और विद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।







