Home उत्तर प्रदेश सर्वोदय इंटर कॉलेज के छात्रों के आंदोलन को गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक का...

सर्वोदय इंटर कॉलेज के छात्रों के आंदोलन को गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक का समर्थन, वादे पूरे न होने पर आंदोलन की चेतावनी

FATEHPUR NEWS: खागा तहसील क्षेत्र के किशनपुर स्थित सहायता प्राप्त सर्वोदय इंटर कॉलेज में छात्रों द्वारा मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर किए गए आंदोलन को गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक का समर्थन मिला है। संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल ने बयान जारी कर कहा कि कॉलेज में छात्रों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन और विद्यालय प्रबंधन की जिम्मेदारी है। हेमलता पटेल ने कहा कि छात्रों को भीषण गर्मी में बिना पंखे के पढ़ाई करनी पड़ रही है। पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है और शौचालयों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों से मार्कशीट और अन्य आवश्यक दस्तावेज देने के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतें भी सामने आई हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) द्वारा छात्रों को दिए गए लिखित आश्वासन का संगठन स्वागत करता है। साथ ही उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर यदि कक्षाओं में पंखे, आरओ वाटर कूलर, बेंच-डेस्क तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं तो संगठन आंदोलन करेगा। गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि संगठन सर्वोदय इंटर कॉलेज में किए गए सभी वादों की निगरानी करेगा। यदि छात्रों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध नहीं कराया गया या दोबारा अवैध वसूली की शिकायत मिली तो संगठन सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि केवल सर्वोदय इंटर कॉलेज ही नहीं, बल्कि जिले के सभी सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा कर आवश्यक सुधार कराया जाए। उनका कहना था कि छात्रों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिलना चाहिए और उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आंदोलन करने को मजबूर नहीं होना चाहिए। हेमलता पटेल ने अभिभावकों को भरोसा दिलाया कि संगठन बच्चों के भविष्य और छात्राओं के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर लगातार आवाज उठाता रहेगा।