Home उत्तर प्रदेश सर्वोच्च न्यायालय के वादों के निस्तारण को सिद्धार्थनगर में ‘समाधान समारोह 2026’...

सर्वोच्च न्यायालय के वादों के निस्तारण को सिद्धार्थनगर में ‘समाधान समारोह 2026’ शुरू, अगस्त में विशेष लोक अदालत

SIDHARTHNAGAR NEWS: मुख्य न्यायाधीश, सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली के निर्देशन में सम्पूर्ण भारतवर्ष सहित जनपद में सर्वोच्च न्यायालय में लम्बित वादों को सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारित कराने के उद्देश्य से ‘समाधान समारोह, 2026’ का शुभारम्भ कर दिया गया है। यह अभियान आगामी 21, 22 तथा 23 अगस्त, 2026 को माननीय सर्वोच्च न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाली ‘विशेष लोक अदालत’ के साथ सम्पन्न होगा। यह जानकारी देते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिद्धार्थनगर के पूर्णकालिक सचिव शैलेन्द्र नाथ ने बताया कि न्याय को सरल एवं सुलभ तरीके से आम जनता के घर-घर तक पहुँचाने तथा आपसी सहभागिता और सहमति से न्याय की भावना को मूर्त रूप देने के लिए भारत के सर्वोच्च न्यायालय द्वारा इस महा-अभियान की शुरुआत की गई है। इस समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) का मुख्य लक्ष्य सर्वोच्च न्यायालय में लम्बित उपयुक्त मामलों का आपसी सहमति से त्वरित निष्पादन करना है। सचिव शैलेन्द्र नाथ ने बताया कि 21 अप्रैल से प्रारंभ हुए इस अभियान के तहत आपसी सहमति एवं वार्ता से समाधान तलाशने का प्रयास लगातार जारी है। इन सुलह बैठकों का आयोजन राज्य, जिला, तालुका और उच्च न्यायालय विधिक सेवा प्राधिकरण/समिति स्थित मध्यस्थता केंद्रों में किया जा रहा है, जहाँ प्रशिक्षित मध्यस्थ तथा विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पक्षकारों की वैधानिक मदद कर रहे हैं। उन्होंने जनपद के समस्त सम्मानित अधिवक्तागण, वादकारियों तथा सभी सम्बन्धित पक्षों से इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय रूप से भागीदारी करने की अपील की है, ताकि लम्बित मुकदमों का आपसी रजामंदी से हमेशा के लिए निस्तारण कराया जा सके।