KUSHINAGAR NEWS: विकास खण्ड नेबुआ नौरंगिया के ग्राम मुड़मुड़वा में सरकारी संपत्ति के दुरुपयोग का गंभीर मामला सामने आया है। यहां कुछ लोगों ने बिजली विभाग के सरकारी पोल को बिना किसी विभागीय अनुमति के अपनी निजी दीवार में चुनवा लिया और उसी से अवैध कनेक्शन लेकर बिजली भी चालू कर ली।
बिना अनुमति कैसे हुआ इतना बड़ा काम?
ग्राम मुड़मुड़वा निवासी नेसार अहमद ने बीते 19 जून को लिखित प्रार्थना पत्र देकर अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में उन्होंने बताया कि गांव के ही कुछ निवासियों ने सरकारी बिजली के पोल को अपनी दीवार में चुनवा दिया है। सिर्फ इतना ही नहीं, पोल से बिजली का तार निकालकर अपने मकान में एंगल लगाकर बिजली का कनेक्शन भी जोड़ लिया गया। नेसार अहमद का कहना है, “सरकारी पोल सार्वजनिक संपत्ति है। बिना बिजली विभाग की अनुमति के उसे कोई व्यक्ति अपनी दीवार में कैसे चुनवा सकता है? यह अपने आप में पूरी तरह गैर-कानूनी है।”
सुरक्षा और राजस्व दोनों को खतरा
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस तरह से पोल को दीवार में चिनने से न सिर्फ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, बल्कि हादसे का खतरा भी बढ़ गया है। साथ ही विभाग को राजस्व का नुकसान भी हो रहा है क्योंकि अवैध तरीके से बिजली का उपयोग किया जा रहा है।
कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ता ने बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों और प्रशासन से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कराई जाए। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो, सरकारी पोल को मुक्त कराया जाए और अवैध कनेक्शन को तुरंत काटा जाए। अब देखना होगा कि शिकायत के आधार पर बिजली विभाग क्या कदम उठाता है।







