Home उत्तर प्रदेश सम्पूर्ण समाधान दिवस में 67 प्रकरणों की सुनवाई, 8 का मौके पर...

सम्पूर्ण समाधान दिवस में 67 प्रकरणों की सुनवाई, 8 का मौके पर निस्तारण

KUSHINAGAR NEWS: शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं के त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निस्तारण के उद्देश्य से तहसील हाटा में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने आमजन की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 67 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 08 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष 59 प्रकरणों को संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। प्राप्त प्रकरणों में राजस्व विभाग के 41 (07 निस्तारित, 34 अवशेष), पुलिस विभाग के 12, विकास विभाग के 04, समाज कल्याण विभाग का 01 तथा अन्य विभागों के 09 प्रकरण शामिल रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय-सीमा में किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व एवं भूमि विवाद से संबंधित मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद, आपसी रंजिश एवं अन्य संवेदनशील मामलों में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। सम्पूर्ण समाधान दिवस में संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, उप जिलाधिकारी हाटा, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, समस्त थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।