मुख्य अतिथि होगे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य,पद्मश्री डॉ सोमा घोष
PRAYAGRAJ NEWS: राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रयागराज में सामूहिक सम्पूर्ण वंदेमातरम् गान समारोह का भव्य आयोजन 16 दिसंबर को किया गया है। सांस्कृतिक एवं नैतिक प्रशिक्षण संस्थान, प्रयागराज और हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर से विजय दिवस के अवसर पर भारत स्काउट एंड गाइड इंटर कॉलेज, प्रयागराज में सुबह 10.30 बजे आयोजित किया गया है। कायस्थ पाठशाला, प्रयागराज के पूर्व अध्यक्ष डा सुशील सिन्हा, हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र संयोजक अमरनाथ और संयोजक डा संजय शुक्ला ने बताया कि कार्यक्रम नई पीढ़ी में राष्ट्र प्रेम, सांस्कृतिक गौरव एवं भारतीय अस्मिता के भाव को सुदृढ़ करने हेतु एक प्रेरणादायी पहल के रूप में होगी। युगल किशोर मिश्रा ने बताया कि संगीत साधना, भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पण तथा देश भक्ति के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान रखने वाली पद्मश्री डॉ सोमा घोष की उपस्थिति बच्चों, शिक्षकों तथा समस्त जनसमूह के लिए प्रेरणा का स्रोत होगी। छात्रों के उत्साह वर्धन के लिए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं मुख्य वक्ता हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान के राष्ट्रीय संयोजक गुणवंत सिंह कोठारी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के हजारों बच्चों को चयनित किया गया है, जो कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसकी भी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। बैठक में प्रांत कार्यकारिणी सदस्य नागेंद्र, सचिव युगल किशोर मिश्रा, मेजर जनरल धर्मराज राय, डा प्रभुशंकर शुक्ला, कार्यालय प्रमुख अरुण दुबे, यश विक्रम त्रिपाठी, वरिष्ठ पार्षद भोला तिवारी, मानव चैरसिया, वंदना तिवारी, अर्चना शुक्ला, सौरभ दुबे आदि उपस्थित रहे।







