Home उत्तर प्रदेश समाधान दिवस में गरजी डीएम की सख्ती बंद रास्ते खुलेंगे, अतिक्रमण हटेगा…...

समाधान दिवस में गरजी डीएम की सख्ती बंद रास्ते खुलेंगे, अतिक्रमण हटेगा… भूसा दान करने वालों को मिला ‘पुण्य की एफडी’ सम्मान

JAUNPUR NEWS: तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस आमजन की समस्याओं के साथ प्रशासनिक सख्ती और मानवीय संवेदनाकृदोनों का साक्षी बना। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने फरियादियों की एक-एक शिकायत गंभीरता से सुनी और मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता की समस्याओं का निस्तारण कागजों में नहीं, जमीन पर दिखना चाहिए। समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें गांवों के बंद रास्तों, अतिक्रमण और मूलभूत सुविधाओं को लेकर सामने आईं। ग्राम कौरहा निवासी राजेंद्र प्रसाद सिंह ने गांव के रास्ते पर गिट्टी डालकर आवागमन बाधित किए जाने की शिकायत की तो डीएम ने तत्काल उपजिलाधिकारी मछलीशहर व थाना प्रभारी को मौके पर जांच कर रास्ता खुलवाने का निर्देश दिया। वहीं घिसुआ निवासी शिव शंकर विश्वकर्मा ने 50 वर्षों से चले आ रहे मार्ग को अवरुद्ध किए जाने की पीड़ा सुनाई, जिस पर राजस्व और पुलिस टीम को संयुक्त जांच के आदेश दिए गए। ग्राम अमाई निवासी हरिलाल ने ग्रामसभा की जमीन पर अतिक्रमण हटवाकर रास्ता बनवाने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने इस प्रकरण में भी स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उधर सुजानगंज की रूपाली दुबे ने सात दिन से जले केबल के कारण ठप पड़ी बिजली आपूर्ति की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर एसडीओ विद्युत को तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए। डीएम ने साफ कहा कि समाधान दिवस जनता के विश्वास का मंच है, यहां आने वाला हर फरियादी त्वरित न्याय की उम्मीद लेकर आता है, इसलिए शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ होना चाहिए। समाधान दिवस के बाद कार्यक्रम का भावनात्मक पहलू तब सामने आया जब जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री की प्रेरणा से चल रहे भूसा संग्रहण अभियान की समीक्षा की। मछलीशहर तहसील क्षेत्र के ग्राम प्रधानों व समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भूसा दान कर अस्थायी गोआश्रय स्थलों के लिए सहयोग दिया। इस पुनीत कार्य में योगदान देने वाले दानदाताओं को डीएम ने ‘पुण्य की एफडी’ बताते हुए प्रमाण पत्र और अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया। इस दौरान आलोक कुमार उपाध्याय, राजकुमार सरोज, हनुमंत पांडे, अनिल कुमार यादव, संतोष दुबे, मृत्युंजय बिंद, शिवनाथ मौर्य, सुरेश कुमार समेत अभिमन्यु सिंह विशेष चर्चा में रहे, जिन्होंने अपनी शादी की सालगिरह पर भूसा दान कर अनूठा संदेश दिया। जिलाधिकारी ने उनके कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल दान नहीं, जीवों के प्रति करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी का महादान है। डीएम ने आमजन से अपील की कि गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए दाना-पानी रखें तथा गौशालाओं के लिए नैपियर घास रोपण को बढ़ावा दें। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 109 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सौरभ कुमार समेत तमाम जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।