MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) जनपद के लालडिग्गी क्षेत्र अंतर्गत इमामबाड़ा के पास स्थित बाग कुंजल गिरी बगीचा में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित फरात खान (पुत्र समीम खान) ने आरोप लगाया है कि उनकी निजी स्वामित्व वाली भूमि पर बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य कराने के दौरान क्षेत्र के एक दबंग व्यक्ति द्वारा न सिर्फ काम रुकवाया गया, बल्कि मजदूरों और मिस्त्री को जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित के अनुसार, जब वे अपनी निजी जमीन की घेराबंदी (बाउंड्री) करवा रहे थे, तभी स्थानीय सभासद गुलजार के बड़े भाई के रसूख और संरक्षण के बल पर आफताब फारुकी नामक व्यक्ति ने निर्माण कार्य में जबरन हस्तक्षेप किया। दबंग ने बिना किसी कानूनी आधार के इस जमीन को सरकारी बताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि आफताब फारुकी ने कार्यस्थल पर मौजूद मिस्त्री और लेबरों को गाली-गलौज करते हुए गोली मारने व जान से मारने की धमकी दी, जिसके डर से सहमे मजदूरों ने काम बंद कर दिया।







