MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) नगर पालिका परिषद मीरजापुर के प्रधान कार्यालय में सफाईकर्मी बहनों ने नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी, अधिशासी अधिकारी जी लाल, सभासदगण एवं पालिका कर्मचारियों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का संदेश दिया। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार 24 से 29 अगस्त तक निकायों में ‘बंधन स्वच्छता’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम ने रक्षाबंधन के पर्व को स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी के संकल्प से जोड़ दिया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी ने कहा कि “नगर की स्वच्छता में हमारी सफाईकर्मी बहनों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे प्रतिदिन मेहनत और समर्पण के साथ नगर को स्वच्छ रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। हम सभी का दायित्व है कि उनके सम्मान के साथ स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी भी निभाएं।” नपाध्यक्ष ने नगर की सभी माताओं, बहनों और बेटियों से अपील करते हुए कहा कि रक्षाबंधन के दिन भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के साथ उन्हें स्वच्छता का संकल्प भी दिलाएं, ताकि प्रत्येक परिवार स्वच्छता का प्रहरी बने और मीरजापुर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ नगर बनाने में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। नपाध्यक्ष ने सफाईकर्मी बहनों के सम्मान में रक्षाबंधन के दिन एक दिन के अवकाश की घोषणा को उपहार स्वरूप देने की बात भी कही। और सहयोग रूप में उनके स्थान पर पुरूष कर्मियों को एक दिवस कार्य करने हेतु कहा इस पहल से सफाईकर्मी बहनों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में समस्त सभासदगण, अधिशासी अधिकारी जी लाल, मुख्य सफाई निरीक्षक मनोज सेठ सहित नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी एवं सफाईकर्मी बहनें उपस्थित रहीं।







